Helpline +919415567039 || ht.up@smarthindustan.news

Updated Thu, 13 May 2021 11:35 PM

आंधी के साथ पड़े ओले, मचाई तबाही

जासं, हाथरस : कई दिन से शाम के वक्त मौसम करवट बदल रहा है। पहले आंधी आती है फिर बादल छाते हैं और बूंदाबांदी होने लगती है। बुधवार को सिकंदराराऊ क्षेत्र में आंधी और बारिश के साथ ओले पड़ने से आम व मक्के की फसल कोनुकसान हुआ है। किसानों की चिताएं बढ़ गई हैं। हवाओं का रुख बदलने से मौसम पर असर पड़ रहा है। दिन भर मौसम साफ रहता है। शाम के वक्त धूल भरी हवाएं शुरू हो जाती हैं जो कभी-कभी आंधी का रूप ले लेती हैं। बादल भी छाए रहते हैं। यह असर शहर से लेकर गांवों में भी दिखाई दे रहा है। बूंदाबांदी होने से तापमान भी गिर जाता है। कोरोना क‌र्फ्यू के कारण लोग दिन भर घरों में कैद रहते हैं। जब मौसम ठंडा होता है तो छतों और दरवाजे के आसपास घूमते नजर आते हैं। आंधी और ओले से फसलों को नुकसान

डीएम ने एमडीटीबी में एल-टू हॉस्पिटल का किया निरीक्षण

जासं, हाथरस : जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश राठौर के साथ जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित कोविड एल-2 अस्पताल एमडीटीबी हास्पिटल का निरीक्षण किया। कोविड वार्ड में सीएमओ ने अवगत कराया कि विभाग के पास 22 वेंटीलेटर हैं जिनमें से 12 वेंटीलेटर कोविड एल-2 एमडीटीबी हास्पिटल में क्रियाशील हैं। जिला चिकित्सालय में 04 वेंटीलेटर क्रियाशील हैं। निर्देशित किया गया कि सीएचसी मुरसान व सासनी में स्थापित वेंटीलेटरों को स्थानांतित कराते हुए एमडीटीबी हॉस्पिटल में 12 से बढ़ाकर 18 वेंटीलेटर क्रियाशील किए जाएं। उन्होंने कोविड वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों का भी निरीक्षण किया। सभी सुचारु मिले। एमडीटीबी हॉस्पिटल में भूतल पर 10 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था को कहा। अस्पताल में आरक्षित कोविड वार्ड के लिए राउंड द क्लॉक तीन पालियों में 03-03 डॉक्टर उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. आइबी सिंह भी मौजूद थे। कोरोना महामारी से निपटने को एडीओ के मिलेंगे वाहन

नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

संवाद सूत्र, हाथरस : सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने गांव राजपुर में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यहां घर के भीतर रैक्टिफाइड स्पिरिट व कैरेमल का प्रयोग करते हुए नकली शराब बनाई जाती थी। फर्जी रैपर, क्यूआर कोड लगाकर पैकिग करके उसको बेच देते थे। पुलिस ने महिला समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सरगना समेत तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 1220 क्वार्टर भरे हुए, 1300 खाली क्वार्टर, बड़ी मात्रा में अवैध शराब, उपकरण, एक ट्रैक्टर ट्राली बरामद की। कोतवाली पर बुधवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत की गई कार्रवाई के संबंध में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव राजपुर निवासी सोनू यादव अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर लॉकडाउन में नकली देसी शराब बनाता है। इसे क्वार्टरों में पैक कर जगह-जगह सप्लाई कर रहा है। इस पर पुलिस ने गांव में छापा मारा तो सोनू के मकान में कुछ लोग अवैध शराब बनाने तथा पैकिग करने के काम में लगे हुए थे। पुलिस ने दो व्यक्तियों एवं एक महिला को पकड़ लिया जबकि तीन लोग भाग गए। पकड़े गए व्यक्तियों में विष्णु तथा अनिरुद्ध निवासीगण गढि़या इकबालपुर थाना सिकंदराराऊ और निधि पत्नी सोनू यादव निवासी गांव राजपुर थाना सिकंदराराऊ शामिल हैं। सोनू, शैलू, विशेष निवासीगण राजपुर थाना सिकंदराराऊ भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान यह भी बताया गया कि सोनू इस काम का मुखिया है और उसके साथ मिलकर सभी लोग स्प्रिट और कैरेमल मिलाकर नकली शराब बनाते थे। सोनू अपनी कार से इसे जगह-जगह सप्लाई करता था। बरामदगी की सूचना पर आबकारी निरीक्षक सिकंदराराऊ श्रीराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नियमानुसार कार्रवाई की। प्रेसवार्ता में सीओ सुरेंद्र सिंह, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार भी मौजूद रहे।